नई दिल्ली
कांग्रेस का 134वां ‘हैप्पी बर्थडे’, राहुल ने मनमोहन का हाथ पकड़कर काटा केक
कांग्रेस के 134वें स्थापना दिवस के मौके पर शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने ध्वजारोहण किया और केक काटकर जश्न मनाया।

नई दिल्लीः कांग्रेस के 134वें स्थापना दिवस के मौके पर शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने ध्वजारोहण किया और केक काटकर जश्न मनाया। राहुल गांधी वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी मुख्यालय पहुंचे और पार्टी के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ मिलकर केक काटा।कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम के मौके पर पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा, संगठन महासचिव अशोक गहलोत तथा कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
Delhi: Former PM Dr.Manmohan Singh and Congress President Rahul Gandhi cut a cake on #CongressFoundationDaypic.twitter.com/n5OimcDvC7
— ANI (@ANI) December 28, 2018
कार्यक्रम के बाद अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा, 133 साल पहले आज ही के दिन दुनिया का सबसे बडा जनांदोलन शुरु हुआ था। इसके बाद से यह आंदोलन राष्ट्र निर्माण के प्रति खुद को समर्पित रखे हुए है। उन्होंने कहा, इतिहास गवाह है कि जिन्होंने भी इस आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की वे खुद इतिहास बन गए। यह आंदोलन कांग्रेस है।
आपको बता दें कि कांग्रेस की स्थापना ब्रिटिश राज में 1885 में हुई थी। इनके संस्थापकों में दादा भाई नौरोजी, एओ ह्यूम और दिनशा वाचा जैसे बड़े दिग्गज शामिल रहे। 1947 में जब देश को आजादी मिली तो उसके बाद कांग्रेस देश की पहली बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी।
आजादी से लेकर 2016 तक हुए 16 आम चुनावों में से कांग्रेस ने 6 में पूर्ण बहुमत के साथ जीत दर्ज की थी। इसके अलावा 4 बार कांग्रेस की अगुवाई में केंद्र में गठबंधन की सरकारें भी बनीं। अभी तक देश के सात प्रधानमंत्री कांग्रेस की तरफ से हो चुके हैं। इनमें सबसे पहला नंबर जवाहरलाल नेहरू का था और हाल ही में मनमोहन सिंह थे।